बाराबंकी से पीएन सिंह की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।

बाराबंकी, 18 मई। बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सांसद तनुज पुनिया मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है तथा रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने कहा कि महंगाई ने हर वर्ग को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और देश की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से परिवारों में आर्थिक तनाव बढ़ रहा है और लोग मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगाई डायन खाए जात है”, “गिरता रुपया, महंगा तेल” जैसे नारों के माध्यम से सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा, सरजू शर्मा, केसी श्रीवास्तव, अजीत वर्मा, मोहम्मद इजहार, अजय रावत, जयन्त गौतम, राम हरख रावत, अखिलेश वर्मा, राजकुमार सिंह, डिम्पल सिंह, सुशील वर्मा, मोईनुद्दीन अंसारी, मोहम्मद सफी, रमेश कश्यप, राकेश तिवारी, राजेश पाठक, सईस्ता अख्तर, पिंकी पाण्डेय, गोपी कनौजिया, श्रीकान्त मिश्रा, राजेन्द्र गोस्वामी, केशवराम धीमान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















