जगन्नाथपुर में सड़क हादसा: टेम्पो को सामने से आता देख स्कूटी सवारों का बिगड़ा संतुलन, दो बुजुर्ग घायल

जगन्नाथपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो बुजुर्ग घायल हो गए। दोनों जलडीहा में फुटबॉल मैच देखने जा रहे थे। इसी दौरान तोड़गहातु पाटक के सामने जैतगढ़ की ओर से आ रहे एक टेम्पो को देखकर स्कूटी चालक का संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े।

मिली जानकारी के अनुसार, मोगरा निवासी बुधराम पूर्ति (60 वर्ष) और जगन्नाथपुर निवासी रघुनाथ नायक (65 वर्ष) रविवार को स्कूटी से जलडीहा में आयोजित फुटबॉल मैच देखने जा रहे थे। दोपहर करीब 11:30 बजे तोड़गहातु पाटक के सामने जैतगढ़ की ओर से एक टेम्पो आता दिखाई दिया। इसी दौरान स्कूटी चला रहे बुधराम पूर्ति ने अपना संतुलन खो दिया, जिससे दोनों स्कूटी समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

एमपीडब्ल्यू जयंत महतो ने दिखाई तत्परता

हादसे के तुरंत बाद जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एमपीडब्ल्यू जयंत महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को निजी वाहन की व्यवस्था कर जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और भर्ती कराया।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मिली छुट्टी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. इकबाल ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। हादसे के बाद समय पर मदद मिलने से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में काफी सहायता मिली।

जगन्नाथपुर से रोहित मिश्रा की रिपोर्ट।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment