बाराबंकी में त्योहारों से पहले DM-SP का बड़ा फरमान: पंडालों से लेकर विसर्जन रूट तक सख्त पहरा, गड़बड़ी करने वालों पर नकेल

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में जिलाधिकारी इशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह समेत संबंधित अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

शोभायात्रा और विसर्जन रूटों का पहले से करें निरीक्षण

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी पर्वों को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का पहले से व्यापक निरीक्षण कर लिया जाए।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को पुलिस अधिकारियों के साथ शोभायात्राओं के निर्धारित रूट, प्रमुख धार्मिक स्थल, दुर्गापूजा पंडाल और मूर्ति विसर्जन स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि रूट निरीक्षण के दौरान जहां भी सड़क खराब या गड्ढायुक्त मिले, वहां संबंधित कार्यदायी संस्था के माध्यम से गड्ढामुक्त अभियान के तहत प्राथमिकता पर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि त्योहारों के दौरान आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को पर्वों से पहले क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को दुरुस्त कराने और विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन स्थलों पर विद्युत सुरक्षा के निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने को कहा।

उन्होंने दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारियों से अपील की कि सभी आयोजन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुसार ही किए जाएं। महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के साथ आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, यातायात और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शोभायात्राओं और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

एसपी बोले- कानून व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि शोभायात्राओं और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने अपील की कि दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना ऐसे सार्वजनिक रास्तों या स्थानों पर न की जाए, जिससे आवागमन बाधित हो। उन्होंने आयोजन समितियों से सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा।

एसपी ने अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों को आयोजन स्थलों का पहले से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं मूर्ति विसर्जन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का भरोसा

बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि सभी पर्वों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ संपन्न कराने में प्रशासन का पूरा सहयोग किया जाएगा।

प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को लेकर सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Comment