आरआरके को प्रतिकूल प्रविष्टि, अनुपस्थित कर्मचारी को नोटिस; ई-ऑफिस और सीसीटीवी कमांड सेंटर को प्रभावी बनाने के निर्देश
जालौन: जिलाधिकारी समीर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों, अनुभागों एवं राजस्व अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, ई-ऑफिस, लंबित प्रकरणों, राजस्व वसूली एवं स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया।
राजस्व अभिलेखागार के कक्ष संख्या-4 में गंदगी, फर्श पर अभिलेख एवं चींटियां मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित आरआरके ऊषा निरंजन के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी नजारत एवं अभिलेखागार प्रभारी को सफाई, कीट नियंत्रण तथा अभिलेखों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। अभिलेखों के निरीक्षण में कमियां मिलने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए तथा एडीएम वित्त एवं राजस्व को पूर्व निरीक्षण के संबंध में प्रभारी अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने को कहा।नकल व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए निर्धारित आवेदन प्रारूप, डिजिटल फीडिंग तथा नकल उपलब्ध कराने की तिथि दर्ज करने के निर्देश दिए गए। नाजिर सदर को कंप्यूटर, इंटरनेट/प्रिंटर एवं आवेदकों के बैठने की व्यवस्था कराने को कहा गया। संग्रह अनुभाग में 1.81 लाख की वर्ष 2022 से तथा मैसर्स राम ट्रेडर्स की 83.71 लाख से अधिक की वर्ष 2015 से लंबित वसूली मिलने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व को प्रभावी वसूली और संबंधित अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। शीर्ष 10 बड़ी लंबित बकायादारियों की विभागवार सूची भी मांगी गई। बिना स्वीकृत अवकाश अनुपस्थित मुख्य राजस्व अंकिक बृजेश निरंजन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।नजारत अनुभाग में वर्ष 2019 से लंबित धनराशि, संपत्ति पंजिका में लंबित प्रविष्टियों एवं करीब 35 ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण के निर्देश दिए गए। शिकायत पटल पर लंबित डाक के समयबद्ध निस्तारण तथा ई-ऑफिस में कमजोर दक्षता वाले कर्मचारियों को NIC से प्रशिक्षण दिलाने को कहा गया। ई-डिस्ट्रिक्ट/गौशाला कंट्रोल रूम को चरणबद्ध सीसीटीवी कमांड सेंटर के रूप में विकसित कर नगर क्षेत्र, तहसीलों, नगर निकायों, विकासखंडों एवं जिला अस्पताल के कैमरों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में हेल्पलाइन एवं जनोपयोगी सूचनाओं के प्रदर्शन, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, पत्रावलियों की सूची व पहचान स्लिप तथा नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए। आतिशबाजी लाइसेंसधारकों एवं शस्त्र व्यवसायियों के सत्यापन, जनसुनवाई की आख्या के गुण-दोष परीक्षण तथा कलेक्ट्रेट पार्क का 15 दिनों में रख-रखाव सुनिश्चित कराने को भी कहा। उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण को औपचारिकता न बनाएं और निर्धारित समयसीमा में बिंदुवार अनुपालन आख्या प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सहित सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।















