रिपोर्ट, अनूप श्रीवास्तव झारखंड।
जमशेदपुर के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त ने ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp चैटबॉट सेवा का किया शुभारंभ, नागरिक घर बैठे जिला प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे अपनी समस्याएं
8580090001 WhatsApp नंबर अथवा QR कोड के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे शिकायत, समयबद्ध होगा निराकरण
—————————–
जनसमस्याओं के निराकरण की व्यवस्था को सरल, सुलभ, पारदर्शी, उत्तरदायी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया गया है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने समाहरणालय सभागार में इस सेवा को लॉन्च किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी उपस्थित रहे।
‘अबुआ मित्र’ के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सप्प नंबर 8580090001 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। क्यू आर कोड के माध्यम से भी इस सुविधा तक सीधे पहुंचा जा सकता है। नागरिक अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन करते हुए समस्या से संबंधित आवश्यक जानकारी तथा जरूरत पड़ने पर दस्तावेज भी उपलब्ध करा सकेंगे।
व्हाट्सप्प के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन के जन सहायता पोर्टल– jansahayatajsr.in पर अद्यतन किया जाएगा। इसके बाद समस्या/ शिकायत की प्रकृति के अनुसार उसे संबंधित विभाग/कार्यालय अथवा सक्षम प्राधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। शिकायतों के अनुश्रवण एवं फॉलोअप की प्रक्रिया भी जन सहायता पोर्टल के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। शिकायतकर्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एस एम एस के माध्यम से शिकायत की स्थिति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे नागरिकों को अपनी शिकायत की प्रगति जानने के लिए बार-बार कार्यालय आने की आवश्यकता कम होगी तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी। यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए उपयोगी होगी। व्हाट्सप्प की सहज पहुंच के माध्यम से नागरिक घर बैठे प्रशासन तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘अबुआ मित्र’ का उपयोग कर अपनी समस्याओं को जिला प्रशासन तक पहुंचाएं और प्रभावी, पारदर्शी एवं जन-केंद्रित शिकायत निवारण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें।
जुगसलाई सीएचसी की बदहाल व्यवस्था: 20 दिन से X-Ray मशीन खराब, मरीजों का बुरा हाल
11 सितंबर 2026
















