रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
बाराबंकी। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड बाराबंकी एवं बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, हैदरगढ़ द्वारा ग्राम नानमऊ में आगामी पेराई सत्र 2026-27 के लिए किसानों को वितरित किए गए प्री-कैलेंडर का उप गन्ना आयुक्त, अयोध्या परिक्षेत्र संजय गुप्ता ने अवलोकन किया।
इस दौरान मौके पर मौजूद किसानों से अपील की गई कि वे उन्हें वितरित किए गए प्री-कैलेंडर में दर्ज सभी सूचनाओं का बारीकी से सत्यापन कर लें। इनमें गन्ना क्षेत्रफल, गन्ने की प्रजाति, बेसिक कोटा, मोबाइल नंबर, खाता संख्या सहित अन्य विवरण शामिल हैं। किसानों को बताया गया कि यदि प्री-कैलेंडर में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति मिलती है तो उसे समय रहते संशोधित कराया जा सकता है।
किसानों की समस्याओं और अभिलेखों में संशोधन के लिए 16 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक सहकारी गन्ना विकास समिति स्तर पर गन्ना सर्वेक्षण मेला आयोजित किया जाएगा। किसान इस दौरान अपनी आपत्तियां एवं संशोधन प्रस्तुत कर सकेंगे। संशोधन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसानों का अंतिम गन्ना कैलेंडर जारी किया जाएगा।
चार फुट की दूरी पर करें शरदकालीन गन्ने की बुवाई
कार्यक्रम के दौरान जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों से आगामी शरदकालीन गन्ने की बुवाई चार फुट के अंतराल पर करने का अनुरोध किया। उन्होंने गन्ने के साथ सहफसली खेती को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।
किसानों को सलाह दी गई कि गन्ने के साथ गेहूं, सरसों, चना, मटर, मसूर, आलू एवं विभिन्न सब्जियों जैसी सहफसलों की खेती करें। इससे किसानों को एक ही खेत से अतिरिक्त उत्पादन के साथ अतिरिक्त आय प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
अधिकारी और किसान रहे मौजूद
इस अवसर पर डॉ. दीपशिखा, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, प्रमोद कुमार गन्ना विकास निरीक्षक, अनिल सिंह मुख्य गन्ना प्रबंधन, अवनीन्द्र सिंह सहायक गन्ना प्रबंधक, नरेंद्र कुमार पर्यवेक्षक, अजय गन्ना प्रक्षेत्र सहायक सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कृषक उपस्थित रहे।
सांसद चंद्रशेखर आजाद को गोंडा जाने से क्यों रोका? बाराबंकी में भड़की भीम आर्मी का बड़ा ऐलान!
















