सुदिव्य कुमार के निधन पर गुवा में श्रद्धांजलि सभा, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

गुवा:झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से शोक की लहर है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोआमुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा स्थित क्लब परिसर में जिला प्रशासन के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत मंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

श्रद्धांजलि सभा में राज्य के जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों एवं अन्य लोगों ने दिवंगत मंत्री के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक नीरल पूर्ति, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन ने भी पुष्प अर्पित कर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी।

वहीं पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने भी तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।

गुवा क्लब परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा का माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। उपस्थित लोगों ने मौन भाव से दिवंगत मंत्री को याद किया और ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment