हापुड़ में पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम, गोली लगने से घायल दीपक उर्फ गोलू ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

रिपोर्ट, मोहम्मद उमर कुरैशी

हापुड़, उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद, पथराव और फायरिंग की घटना में गोली लगने से घायल दीपक उर्फ गोलू की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। दीपक की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया जा रहा है कि बदनौली गांव में दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई। इस घटना में चार लोग घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घायलों में शामिल दीपक उर्फ गोलू को गोली लगी थी और उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दीपक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कैमरामैन अफरोज अंसारी के साथ उत्तर प्रदेश रिपोर्टर मोहम्मद उमर कुरैशी की विशेष रिपोर्ट, जी भारत न्यूज।

 

Leave a Comment