रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के स्वागत समारोह के दौरान सोमवार को बाराबंकी में एक बड़ा हादसा हो गया। स्वागत के लिए बनाया गया मंच अचानक टूटकर गिर गया, जिससे मंच पर मौजूद हरीश द्विवेदी, बाराबंकी के एमएलसी अंगद सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता नीचे गिर पड़े।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:25 बजे हुई। हरीश द्विवेदी के मंच पर पहुंचते ही उनके स्वागत के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मंच पर जमा हो गई। अधिक संख्या में लोगों के मंच पर चढ़ने के कारण मंच अचानक भरभराकर टूट गया।
मंच गिरते ही मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में तीन कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित रहे।
हरीश द्विवेदी के बाराबंकी आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए रास्ते में कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे और फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
मंच टूटने की घटना के बावजूद कार्यक्रम का उत्साह कम नहीं हुआ। हादसे के बाद हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए आगे रवाना हो गए।
घटना ने स्वागत समारोह में सुरक्षा व्यवस्था और मंच की क्षमता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।















