चाईबासा:राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत सभी सरकारी विद्यालयों में खेल, शारीरिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में टाटा कॉलेज कॉलोनी मध्य विद्यालय, चाईबासा में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों के बीच विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। उपायुक्त मनीष कुमार ने स्वयं पदाधिकारियों, शिक्षकों और बच्चों के साथ रस्साकशी में हिस्सा लेकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। डीसी को बच्चों के साथ खेलता देखकर विद्यालय में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बेहद जरूरी है। खेल बच्चों को स्वस्थ रखने के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा और व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को विकसित करना भी है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के प्रोजेक्ट परख के तहत विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनकी रचनात्मकता, खेल प्रतिभा, शारीरिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय खेल दिवस की गतिविधियों के तहत 27 अगस्त को सरकारी विद्यालयों में ‘ऊर्जावान 29 चैलेंज’ के अंतर्गत पुश-अप, स्किपिंग और प्लैंक जैसी गतिविधियां कराई जा रही हैं। इसके अलावा पास द बॉल, स्पोर्ट्स बंधना, योग, मास पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसी गतिविधियों के जरिए बच्चों को खेलों से जोड़ा जा रहा है। ‘खेल से स्वास्थ्य’ विषय पर स्लोगन और निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है।
29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के मुख्य अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी जाएगी। विद्यालयों में उनके जीवन परिचय, खेल, स्वास्थ्य और अनुशासन से जुड़े विषयों पर संबोधन, खेल शपथ और मार्च पास्ट का आयोजन होगा। अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, शतरंज सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। छात्र-शिक्षक मैत्री खेल के तहत भी रस्साकशी, क्रिकेट/फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां होंगी।
वहीं 30 अगस्त को ‘Sundays on Cycle’ कार्यक्रम के तहत साइकिल रैली आयोजित कर नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका अनुपमा गुप्ता द्वारा रचित पुस्तक ‘फर्श से अर्श तक : एक सरकारी विद्यालय की प्रेरक यात्रा’ का विमोचन भी किया गया। पुस्तक में सरकारी विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, चुनौतियों, नवाचारों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सामने लाने का प्रयास किया गया है। उपायुक्त ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के नवाचार और अनुभव अन्य विद्यालयों तथा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हो सकते हैं।
मौके पर सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, विद्यालय के प्राचार्य उपेंद्र सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
जिले में आयोजित यह अभियान विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा पहचानने और शिक्षा के साथ स्वस्थ, अनुशासित एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।














