रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

सिरौली में आयोजित चित्र प्रदर्शनी का हुआ भव्य समापन
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
बाराबंकी, 15 अगस्त। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, सिरौली गौसपुर, बाराबंकी में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि श्री बैजनाथ रावत, माननीय अध्यक्ष, अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री बैजनाथ रावत ने कहा कि चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को देश के स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, राष्ट्र निर्माण की विकास यात्रा तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री मंशा राम, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, बाराबंकी, श्री मनोज कुमार, श्री विजय कृष्ण यादव, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज सिरौली, तथा श्री मैकूलाल कनौजिया, ग्राम प्रधान सिरौली उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रशासन की ओर से तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं थाना अध्यक्ष बदोसराय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न महत्वपूर्ण पड़ावों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के योगदान तथा देश की विकास यात्रा को चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की।
समापन समारोह में अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए श्री जय सिंह, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, केंद्रीय संचार ब्यूरो ने कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केंद्रीय संचार ब्यूरो का उद्देश्य विभिन्न जनसंचार माध्यमों के जरिए सरकार की नीतियों, योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों में जागरूकता एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर सभी सम्मानित अतिथियों को श्री जय सिंह, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी द्वारा मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित एवं स्वागत किया गया। अतिथियों ने केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन राष्ट्रीय कवि एवं शिक्षक श्री प्रदीप महाजन द्वारा किया गया। उन्होंने अपनी ओजपूर्ण एवं राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें मेहंदी प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। सेजल, मनीषा, साक्षी, शिवानी, मानसी वर्मा, अंशिका मौर्या, अभिषेक कनौजिया, सचिन, पल्ल्वी, संजना, आरजू, सोनम, पलक, रितांशी मानवी इत्यादि ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा, सामान्य ज्ञान एवं कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों से स्वतंत्रता संग्राम, देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रीय प्रतीकों, संविधान, राष्ट्र निर्माण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। वहीं रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को अपनी कला के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित चित्र प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सरकारी योजनाओं और जनहितकारी अभियानों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देश के इतिहास, संस्कृति एवं राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
समापन समारोह के अंत में केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरूकता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।















