बाराबंकी में नकली औषधियों के खिलाफ औचक निरीक्षण, पांच दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में नकली एवं घटिया औषधियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी और गैर-सरकारी प्रतिष्ठानों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 11 अगस्त 2026 को जिला औषधि निरीक्षक रज़िया बानो ने गोंडा-बहराइच रोड स्थित मसौली चौराहा, भुलिगंज महिला अस्पताल परिसर में स्थित सरकारी मुख्य औषधि भंडार (Government District Drug Warehouse), उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य औषधि भंडार के चीफ फार्मासिस्ट तिलक राम कनौजिया मौजूद रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में आम जनता को वितरित की जाने वाली दवाओं की गुणवत्ता, रख-रखाव तथा कोल्ड चेन व्यवस्था की स्थिति की जांच करना था।

जिला औषधि निरीक्षक ने वेयरहाउस में रखी जीवनरक्षक दवाओं, वैक्सीन तथा अन्य आवश्यक औषधियों के रख-रखाव का जायजा लिया। इंसुलिन समेत तापमान के प्रति संवेदनशील दवाओं को सुरक्षित रखने के लिए वॉक-इन कूलर और डीप फ्रीजर के तापमान की भी सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कोल्ड चेन व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।

इसके साथ ही ई-औषधि पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन स्टॉक का भौतिक स्टॉक से मिलान किया गया। निरीक्षण में दवाओं का रख-रखाव व्यवस्थित और परिसर साफ-सुथरा पाया गया।

पांच औषधियों के नमूने जांच के लिए भेजे

दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला औषधि निरीक्षक ने रैंडम आधार पर पांच औषधियों के नमूने संग्रहित किए। इनमें Trimethoprim and Sulphamethoxazole Oral Suspension IP, Iron and Folic Acid Tablets IP, Pantoprazole Gastro-resistant Tablets IP 40mg, Cefixime Tablets IP 200mg और Cefixime Oral Suspension IP शामिल हैं।

सभी नमूनों को जांच एवं विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिला औषधि निरीक्षक रज़िया बानो ने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। नकली या मानकविहीन औषधियों की रोकथाम के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Comment