कैमरामैन अफ़रोज़ अंसारी के साथ उत्तर प्रदेश रिपोर्टर मोहम्मद उमर कुरैशी की विशेष रिपोर्ट।
जी भारत न्यूज़।

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के जनपद कुशीनगर से सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। थाना कसया क्षेत्र के अंतर्गत चुरावन छपरा गांव में 22 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि युवक का शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को हुई, मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। शव की हालत देखकर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोश जताया।
मामले को लेकर गुस्साए परिजनों ने युवक का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या है और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।















