अलीगढ़ में शराब के दौरान दोस्तों में विवाद, धारदार हथियार से गला रेतकर युवक की हत्या

कैमरामैन अफ़रोज़ अंसारी के साथ उत्तर प्रदेश रिपोर्टर मोहम्मद उमर कुरैशी की विशेष रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।

अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद से सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के भुजपुरा इलाके में शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि एक दोस्त ने धारदार हथियार से दूसरे पर हमला कर उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह और हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment