01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा बन सकते हैं मतदाता, जिले में 2,183 मतदान केंद्रों पर चलेगा अभियान

 जमशेदपुर:भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इसके साथ ही 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन तथा स्थानांतरण के लिए दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।

निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से समय रहते आवेदन करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके।

18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं को मिलेगा मतदान का अधिकार

जो भारतीय नागरिक 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे और संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। आवेदन ECINET App, https://voters.eci.gov.in अथवा संबंधित BLO के माध्यम से किया जा सकता है।

विशेष शिविर और घर-घर सत्यापन

मतदाताओं की सुविधा के लिए 08 एवं 09 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 25 अगस्त से 04 सितंबर तक BLO द्वारा Home-to-Roll Verification अभियान चलाकर घर-घर जाकर मतदाता विवरण का सत्यापन किया जाएगा।

पूर्वी सिंहभूम में 15.11 लाख से अधिक मतदाता

प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल 15,11,805 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 7,52,533 पुरुष, 7,59,206 महिलाएं तथा 66 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के बाद जिले में अब 2,183 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

07 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment