जमशेदपुर: सावन माह के पावन अवसर पर सोनारी एयरपोर्ट के सामने स्थित साईं मंदिर परिसर में मंगलवार शाम साईं महाराज की भव्य आरती का आयोजन किया गया। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे परिसर में भक्ति एवं श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने साईं बाबा के भजनों पर पूरे उत्साह के साथ भक्ति भाव से नृत्य किया। मंदिर परिसर “ॐ साईं राम” और “साईंनाथ महाराज की जय” के जयघोष से गूंज उठा। भक्तों ने साईं महाराज की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
आयोजन के दौरान मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भजन-कीर्तन और आरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
रिपोर्ट : संदीप, कोल्हान रिपोर्टर, ज़ी भारत न्यूज़














