रिपोर्ट, पीएन सिंह जी भारत न्यूज़।
बाराबंकी, 23 मई। जनपद के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महमूदाबाद मार्ग पर ग्राम झांसा तालगांव में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण परिवार भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए घर के बाहर चारपाई डालकर सो रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे खनन कार्य में लगे एक डंपर ने अनियंत्रित होकर परिवार को कुचल दिया। हादसे में नीरज (35 वर्ष), अनुराग (13 वर्ष), अंशिका (10 वर्ष) और अंशू (6 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरती (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सांसद तनुज पुनिया मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते लगातार विद्युत कटौती हो रही है, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में घरों के बाहर सोने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सांसद ने आरोप लगाया कि जिले में अवैध खनन और तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को ताक पर रखकर कार्य किया जा रहा है और प्रशासन इस ओर गंभीर नहीं है।

उन्होंने शासन और प्रशासन से मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
इस दौरान फतेहपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर वर्मा, नगर अध्यक्ष राहिल खान, सुग्रीव वर्मा, अतुल वर्मा, राम मिलन कनौजिया, अनिल वर्मा, सुखराम चौहान, नरेंद्र चौहान, राजकुमार चौहान, सौरभ चौहान, अतुल पाल और रमेश पाल सहित कई लोग प्रतिनिधिमंडल के रूप में उपस्थित रहे।









