बाराबंकी में बीज बिक्री केंद्रों पर छापेमारी, 61 नमूने लिए गए, 5 विक्रेताओं को नोटिस

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान

बाराबंकी, 22 मई 2026। खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने एवं निर्धारित दरों पर बिक्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न बीज बिक्री केंद्रों पर व्यापक जांच अभियान चलाया गया।

जिला कृषि अधिकारी बाराबंकी के निर्देशन में शुक्रवार को जनपद के कुल 16 बीज बिक्री केंद्रों पर छापेमारी एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने कुल 61 बीज नमूने जांच के लिए संग्रहित किए, जबकि अनियमितताएं पाए जाने पर 5 बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

तहसील हैदरगढ़ क्षेत्र में जिला कृषि अधिकारी ने 9 बीज बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां से 51 बीज नमूने लिए गए। जांच के दौरान मेसर्स दिशा इंटरप्राइजेज हैदरगढ़, मेसर्स मौर्या बीज भंडार हैदरगढ़ तथा अवध कृषि सेवा केंद्र जोंधी के बीज बिक्री रजिस्टर अपूर्ण पाए गए। इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

वहीं वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए एवं बीज निरीक्षक श्री देशराज द्वारा तहसील नवाबगंज और फतेहपुर क्षेत्र के 7 बीज विक्रेताओं के यहां छापेमारी की गई। यहां से 10 बीज नमूने एकत्र किए गए। जांच के दौरान मेसर्स भारत एग्रो एजेंसी टिकैतगंज तथा आलोक ट्रेडिंग कंपनी खेवली द्वारा आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके चलते दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि राजकीय कृषि बीज भंडारों पर सामान्य एवं संकर धान के बीज के साथ-साथ मूंग के मिनीकिट उपलब्ध हैं। किसानों से अपील की गई है कि खरीफ फसल हेतु बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर समय से बीज प्राप्त करें।

Leave a Comment