रिपोर्ट,पी.एन. सिंह जी भारत न्यूज़।
बाराबंकी, 14 अप्रैल।
आज जिला कांग्रेस कार्यालय एवं सांसद आवास ओबरी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद तनुज पुनिया एवं पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया उपस्थित रहे। जयंती के शुभ अवसर पर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, संकल्प और ज्ञान का अद्वितीय उदाहरण है। उनके जैसा महान व्यक्तित्व आज के समय में विरले ही देखने को मिलता है।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष के प्रति आज पूरी दुनिया में जिज्ञासा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने बचपन से ही स्वयं को बौद्धिक साधना में समर्पित कर दिया था। बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना ही उनके जीवन की सबसे बड़ी विशेषता थी, जिसकी दूसरी मिसाल मिलना कठिन है।
जयंती समारोह के उपरांत पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया ने जिले के विभिन्न स्थानों, विशेषकर बंकी ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की और समाज को बधाई देते हुए बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। इसी क्रम में उन्होंने नवाबगंज शहर के विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लेकर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

सांसद तनुज पुनिया ने देवां ब्लॉक के सिदवाही, पीड़, कमरखा, बबुरीगांव सहित कई स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेते हुए कहा कि समाज के दलित, शोषित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आगे आना होगा। सकारात्मक सोच, संघर्ष, जिज्ञासा और ऊंचे सपनों के साथ ही समाज अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है।

वहीं सांसद की पत्नी एवं युवा नेत्री श्रीमती श्रद्धा सिंह पुनिया ने रामनगर, महादेवा एवं मसौली ब्लॉक के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब के विचार हमें एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं, जहां हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्राप्त हो। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक न्याय, समानता और सशक्तिकरण के माध्यम से उनके सपनों को साकार करना चाहिए।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन, नगर अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा (फोटोवाला), अजीत वर्मा, इरफान कुरैशी, फरहान किदवई, राम हरख रावत, के.सी. श्रीवास्तव, विजयपाल गौतम, अजय रावत, अरशद, कौशल किशोर वर्मा, आर.डी. राव, गुड्डू गौतम, अभय गौतम, बबलू गौतम, राकेश बाल्मीकि, अवनीश चौधरी, ज्ञानेन्द्र गौतम, प्रशांत सिंह, मोनू सिंह, पंकज यादव, राजाराम गौतम, मोहम्मद जीशान, मनीलाल गौतम, गोपी कनौजिया, अजय यादव, शिव नारायण वर्मा, अखिलेश वर्मा, शबनम वारिस, तस्लीमन खान सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।










