रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़।
डीएम द्वारा एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की ऑयल कंपनियों के प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न
बैकलॉग चार दिन में समाप्त करने के सख्त निर्देश, कंट्रोल रूम नंबर जारी
गैस रिफिल की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी व समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित हो-डीएम
बाराबंकी, 13 अप्रैल 2026।
जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला पूर्ति अधिकारी एवं ऑयल कंपनियों के विक्रय प्रबंधकों के साथ गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व में हुई बैठक में लिए गए निर्णयों—शत-प्रतिशत होम डिलीवरी, अधिकतम चार दिन में गैस रिफिल उपलब्धता, कंट्रोल रूम संचालन, ई-केवाईसी एवं पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा—के अनुपालन की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि विभिन्न कंपनियों में गैस रिफिल का बैकलॉग अभी भी लंबित है, जिसमें बीपीसीएल का 26,416, आईओसीएल का 38,469 एवं एचपीसीएल का 8,363 बैकलॉग दर्ज किया गया। जनपद में सर्वाधिक बैकलॉग ओम इंडेन गैस एजेंसी, आस्था इंडेन गैस एजेंसी, बाबा प्रसाद गैस सर्विस, चन्द्रिका गैस सर्विस, नूर गैस एजेंसी एवं बाबा लोधेश्वर गैस एजेंसी पर पाया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं गैस एजेंसी संचालकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में चार दिवस के भीतर समस्त बैकलॉग समाप्त किया जाए, शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं को फ्री-ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडरों की सुगम उपलब्धता बनाए रखी जाए। साथ ही ई-केवाईसी अभियान को और तेज करते हुए निष्क्रिय गैस कनेक्शनों को शीघ्र सक्रिय किया जाए एवं शहरी क्षेत्र में पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा दिया जाए।
जिला पूर्ति अधिकारी श्री राकेश तिवारी द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु जिला पूर्ति कार्यालय में कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। यदि किसी उपभोक्ता को निर्धारित समयावधि में गैस रिफिल प्राप्त नहीं होती है, तो वह कंट्रोल रूम नंबर 05248-297489 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। साथ ही, जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर उन्हें अवगत कराएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को समयबद्ध एवं सुगम गैस आपूर्ति उपलब्ध हो सके।










