जालौन: कालपी में प्रीपेड स्मार्ट मीटर का जोरदार विरोध: व्यापारियों ने फूंका विद्युत विभाग का पुतला

कालपी से बड़ी खबर—
प्रीपेड स्मार्ट मीटरों के खिलाफ कालपी में व्यापारियों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले नगर के व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
नगर के प्रमुख बाजार टरनंगंज के मुख्य चौराहे पर बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्रित हुए। उद्योग व्यापार मंडल कालपी के अध्यक्ष नमन अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था में भारी अनियमितताएं हो रही हैं।
व्यापारियों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के बिजली कनेक्शन काट दिए जाते हैं, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिजली बहाल करने के नाम पर उपभोक्ताओं से अनुचित शुल्क वसूला जा रहा है और ऑनलाइन प्रणाली का हवाला देकर विभाग अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी कालपी मनोज कुमार सिंह को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि नए प्रीपेड स्मार्ट मीटर पुराने मीटरों की तुलना में अधिक खपत दिखा रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से परेशान हो रहा है।
मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
वहीं, खबर लिखे जाने तक क्षेत्राधिकारी कालपी अवधेश कुमार सिंह और नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में उपजिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ बैठक कर समस्याओं पर गहन चर्चा की और जल्द ही नियमानुसार समाधान कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान श्रवण कुमार गुप्ता, समीर धवन, अमित कुमार गुप्ता, सुशील पाटकर, सक्षम बिश्नोई, सत्यनारायण साहू, योगेश, अमजद खान, शिवम बिश्नोई, कुलदीप यादव, इफ्तेखार अहमद, मोहम्मद सोहेल, दानिश, ध्रुव, राजकुमार पुरवार, प्रदीप गांधी, रमेश कुमार सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। ब्यूरो रिपोर्ट शोभित पाण्डेय जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment