पत्नी चाईबासा में तलाशती रही, इधर पेड़ के नीचे मिली पति की लाश; जगन्नाथपुर में अज्ञात शव मिलने से सनसनी

रिपोर्ट: रोहित मिश्रा, ब्यूरो हेड, जगन्नाथपुर।

उराँवसाई टोला में हुई घटना; मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात आई सामने, मौत के कारणों का पता नहीं

जगन्नाथपुर। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के उराँवसाई टोला में एक पेड़ के नीचे अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभ में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान नोवामुंडी थाना क्षेत्र के डांगुवापोसी गांव के मुंडासाई टोला निवासी व्यक्ति के रूप में हुई।

पेड़ के नीचे आराम कर रहा था व्यक्ति

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने बताया कि उक्त व्यक्ति भीख मांगकर अपना जीवनयापन करता था। वह एक छायादार पेड़ के नीचे आराम कर रहा था। कुछ देर बाद आसपास मौजूद लोगों ने देखा कि वह कोई हरकत नहीं कर रहा है। पास जाकर देखने पर उसके सांस नहीं लेने की जानकारी मिली।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने ग्रामीण मुंडा विकास पहापात्रो को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीण मुंडा ने शव का जायजा लिया और इसकी जानकारी जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी। उन्होंने व्यक्ति की पहचान कराने के लिए उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी साझा की।

सोशल मीडिया से हुई मृतक की पहचान

सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा किए जाने के बाद डांगुवापोसी के मुंडा ने मृतक की पहचान अपने क्षेत्र के मुंडासाई टोला निवासी व्यक्ति के रूप में की। बताया गया कि उसकी मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी और वह इधर-उधर भटकते हुए भीख मांगता था।

जानकारी के मुताबिक, वह गुरुवार को जगन्नाथपुर के साप्ताहिक बाजार में भीख मांगने आया था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। उसकी पत्नी ने काफी खोजबीन की। पति के नहीं मिलने पर वह उसे तलाशने के लिए ट्रेन से चाईबासा चली गई थी। मृतक की पत्नी और तीन-चार बच्चे हैं।

शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस की ओर से मृतक के परिजनों को सूचना दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुटे हैं।

 

Leave a Comment