बाराबंकी किसान दिवस में किसानों ने उठाई बिजली कटौती और धान खरीद की तारीख बदलने की मांग

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

किसानों ने कहा—1 अक्टूबर से शुरू हो धान खरीद, नहरों की टेल तक सफाई और रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो

बाराबंकी, 16 सितंबर 2026। विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी, न्यायिक, बाराबंकी ने की। बैठक में जिले के प्रगतिशील किसानों के साथ कृषि एवं संबद्ध विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

किसान दिवस में किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। किसानों की प्रमुख शिकायतों में ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत कटौती, बैंक ऋण से जुड़ी समस्याएं, नहरों की सफाई और धान खरीद की तारीख शामिल रही।

अघोषित बिजली कटौती पर किसानों ने जताई नाराजगी

किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित विद्युत कटौती पर नाराजगी जताते हुए निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।

इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण पिछले करीब 10 दिनों से विद्युत कटौती में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि यह स्थिति आगामी 3-4 दिनों तक रहने की संभावना है। इसके बाद निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति बहाल होने की बात कही गई।

बैंक ऋण से जुड़ी समस्याएं भी उठीं

किसानों ने बैंकों से संबंधित विभिन्न समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। किसानों ने दो लाख रुपये तक के फसली ऋण पर 12 साला से छूट दिए जाने तथा ऋण समाप्त होने के बाद भूमि को बंधनमुक्त करने की प्रक्रिया बैंकों द्वारा शीघ्र पूरी कराने का अनुरोध किया।

रबी सीजन से पहले नहरों की टेल तक सफाई की मांग

आगामी रबी फसलों की तैयारी को लेकर किसानों ने नहरों की सफाई का मुद्दा उठाया। किसानों ने मांग की कि रबी सीजन में नहरों का संचालन शुरू होने से पहले सभी नहरों की टेल तक सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि खेतों की सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

1 अक्टूबर से धान खरीद शुरू कराने की मांग

किसान दिवस में किसानों ने धान खरीद की निर्धारित तारीख को लेकर भी अपनी समस्या रखी। किसानों ने बताया कि बाराबंकी से लगे लखनऊ और सीतापुर में धान खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होती है, जबकि बाराबंकी में खरीद 1 नवंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई।

किसानों का कहना था कि धान कटाई के बाद खरीद शुरू होने में देरी के कारण उन्हें उपज के भंडारण के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। किसानों ने किसान हित में बाराबंकी में भी 1 अक्टूबर से धान खरीद शुरू कराने की मांग रखी।

अपर जिलाधिकारी, न्यायिक ने किसान हित में इस संबंध में शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।

शिकायतों के निस्तारण की भी हुई समीक्षा

बैठक की शुरुआत में जिला कृषि अधिकारी ने पिछले किसान दिवस में किसानों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर संबंधित विभागों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की। अपर जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की बिंदुवार समीक्षा की।

बैठक में अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं का यथासंभव समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियंता विद्युत हैदरगढ़, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला खाद्य विपणन अधिकारी समेत कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न विकासखंडों के प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

Leave a Comment