जमशेदपुर: बरसात के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत की ओर से शुक्रवार को एंटी-लार्वा छिड़काव अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाना और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित रखना है।

बताया गया कि 7 अगस्त 2026 को बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के मुखिया राजकुमार गोड एवं उप मुखिया संतोष ठाकुर ने अर्बन सर्विस, टाटा स्टील को मांग पत्र सौंपकर पंचायत क्षेत्र में एंटी-लार्वा छिड़काव कराने का आग्रह किया था। मांग के बाद शुक्रवार सुबह से पंचायत क्षेत्र के रोड नंबर 1, 2 और 3 समेत विभिन्न इलाकों में छिड़काव शुरू कराया गया।
अभियान के दौरान प्राथमिक विद्यालय, श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, हिलटॉप स्कूल, टीनी टॉट स्कूल, पानी टंकी परिसर और गुरुद्वारा परिसर सहित कई स्थानों पर एंटी-लार्वा का छिड़काव किया गया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि जिन स्थानों पर शुक्रवार को छिड़काव नहीं हो सका, वहां 15 अगस्त के बाद अभियान चलाकर एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। पंचायत क्षेत्र के अधिक से अधिक हिस्सों को अभियान में शामिल करने के लिए इसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उप मुखिया संतोष ठाकुर ने कहा, “जनता का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बरसात के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पंचायत क्षेत्र में लगातार जनहित के कार्य किए जाएंगे।”
अभियान शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों की पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। अभियान में राकेश सिंह, अजीत सिन्हा, राजकुमार सिंह एवं वार्ड सदस्य उमेश पांडे ने सक्रिय भूमिका निभाई।














