महादेव के दर्शन को निकले तीन दोस्तों के साथ दर्दनाक हादसा, दो की मौत; एंबुलेंस में देरी से बिगड़ी हालत, अस्पताल में हंगामा

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। महादेव के दर्शन के लिए निकले तीन दोस्तों की बाइक सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। बाराबंकी के फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास बाइक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शैलेन्द्र, शक्तिमान और सचिन बाइक से महादेवा दर्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान दादनपुर गांव के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसी दौरान गंभीर रूप से घायल शैलेन्द्र को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजनों और पुलिस के मुताबिक रेफर किए जाने के बावजूद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची।
शैलेन्द्र की हालत लगातार बिगड़ती गई। एंबुलेंस का इंतजार लंबा होने पर पुलिस ने अपने वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिजनों का गुस्सा जिला अस्पताल में फूट पड़ा। परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसा किस वजह से हुआ और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका क्या रही, पुलिस इसकी जांच कर रही है। वहीं, एंबुलेंस पहुंचने में हुई देरी के आरोपों की भी जांच की मांग उठ रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि गंभीर हालत में रेफर किए गए घायल को समय पर एंबुलेंस क्यों नहीं मिल सकी और अगर एंबुलेंस समय पर पहुंचती तो क्या शैलेन्द्र की जान बचाई जा सकती थी?

Leave a Comment