जमशेदपुर। सावन के पावन अवसर पर रविवार को सोनारी के गुदरी बाजार स्थित सिनेमा मैदान में भंगड़ नाथ सेवा समिति की ओर से भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया गया। यह आयोजन देवघर यात्रा पर जाने वाले कांवरिया बंधुओं के मंगलमय एवं सफल यात्रा की कामना को लेकर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गंगा महासभा बिहार-झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष धर्म चंद्र पोद्दार ने 100 से अधिक कांवरिया बंधुओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी कांवरियों को देवघर यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए बाबा बैद्यनाथ से उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
इसके बाद भंगड़ नाथ मंदिर से भूतनाथ मंदिर, सोनारी तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ बैंड-बाजे शामिल रहे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में कांवरिया बंधुओं के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। आयोजन के दौरान शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा के आयोजन की अध्यक्षता अधिवक्ता अजीत कुमार जायसवाल ने की। समिति के सदस्यों एवं स्थानीय भक्तजनों के सहयोग से पूरा कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।














