रिपोर्ट,पी.एन. सिंह

बाराबंकी। बेलहरा क्षेत्र में बेलहरा-फतेहपुर मार्ग पर ग्राम साड़भारी मोड़ के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे झाड़ियों में गंभीर हालत में अचेत पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सकटूपुरवा मजरे दौलतपुर निवासी उमेश कुमार पुत्र अयोध्या प्रसाद (28 वर्ष) अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी बीयू 8623 से गांव से फतेहपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान साड़भारी मोड़ के निकट वह सड़क किनारे झाड़ियों में अचेत अवस्था में पड़े मिले।

राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बेलहरा चौकी प्रभारी अरविंद पटेल हमराही पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में एंबुलेंस की मदद से फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
फिलहाल युवक किन परिस्थितियों में सड़क किनारे झाड़ियों में पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।















