रोमेश कुमार
संवाददाता, ज़ी भारत न्यूज़

कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत प्रदान करते हुए सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से बरामद किए गए 201 गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में लाभार्थियों को उनके मोबाइल वापस किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ़ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि जनपद पुलिस आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर आमजन को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने अथवा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते मोबाइल की ट्रैकिंग कर उसे बरामद किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। इस पहल से न केवल लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिली, बल्कि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ। जनपद पुलिस ने भविष्य में भी तकनीक आधारित जनसेवा और अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे प्रयास जारी रखने की बात कही।














