बाराबंकी: श्रावण से पहले डीएम सख्त, शिव मंदिरों में विद्युत सुरक्षा के दिए बड़े निर्देश

रिपोर्ट, सुरेन्द्र सिंह चौहान।

विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न

श्रावण मास से पूर्व प्रमुख शिव मंदिरों में विद्युत सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करें : डीएम

बाराबंकी, 24 जुलाई 2026। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी श्रावण मास के दृष्टिगत जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों एवं मेला स्थलों पर विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों, यथा श्री लोधेश्वर महादेवा, श्री अवशानेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य ऐसे धार्मिक स्थलों, जहां श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन हेतु आते हैं, वहां परिसर में स्थापित सभी विद्युत खंभों को आवश्यक ऊंचाई तक प्लास्टिक अथवा अन्य उपयुक्त इंसुलेटिंग सामग्री से सुरक्षित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विद्युत खंभों के आसपास कहीं भी गड्ढे न हों, जिससे वर्षा के दौरान पानी का जमाव न हो और विद्युत दुर्घटनाओं की संभावना समाप्त की जा सके।उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों एवं मेला क्षेत्रों में लगने वाली सभी अस्थायी दुकानों का विद्युत सुरक्षा ऑडिट कराया जाए तथा विद्युत कनेक्शन, वायरिंग एवं अन्य व्यवस्थाओं की गहन जांच कर सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं के साथ शिष्ट एवं सकारात्मक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को सही एवं आवश्यक जानकारी सरलता और सहजता से उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि मीटर रीडिंग अनिवार्य रूप से घर-घर जाकर की जाए, जिससे त्रुटिरहित बिलिंग सुनिश्चित हो तथा बिलिंग प्रतिशत निर्धारित मानकों के अनुरूप बना रहे। साथ ही ढीले एवं जर्जर विद्युत तारों एवं खंभों पर नियमित निगरानी रखते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जाए।

वर्तमान मानसून एवं खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्युत विभाग की टीमें पूर्ण सक्रियता के साथ कार्य करें तथा लाइन फॉल्ट एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का तत्काल निस्तारण कर विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करना सुनिश्चित करें।

बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत श्री भविष्य कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत श्री घनश्याम त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment