गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता, गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर होगी सख्त कार्यवाही- मौर्य
ब्यूरो रिपोर्ट: शोभित पाण्डेय
कालपी: उपजिलाधिकारी कालपी विनय मौर्य ने मंडी समिति द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता, मोटाई, निर्माण सामग्री तथा कार्य की प्रगति का बारीकी से परीक्षण किया गया।एसडीएम कालपी श्री मौर्य ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप ही कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, जल निकासी की व्यवस्था तथा निर्माण की प्रगति का भी अवलोकन किया गया। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए ताकि आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
एसडीएम ने कहा कि जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी जारी रहेगी ताकि सार्वजनिक धन का सदुपयोग सुनिश्चित हो सके।








