बाराबंकी के किसानों के लिए बड़ी खबर! खाद की उपलब्धता पर डीएम सख्त, दिए बड़े निर्देश

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कृषि विभाग कि योजनाओं क्रियान्वयन एवं समीक्षा हेतु गठित आत्मा गवर्निंग बोर्ड एवं अन्य समितियों के साथ ही कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं तथा उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा बैठक सम्पन्न

आज दिनांक 16 जुलाई, 2026 को अपराह्न 12:30 बजे लोक सभागार, बाराबंकी में जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी (आत्मा) की गवर्निंग बोर्ड (शासी निकाय), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल, जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन, जिला भूमि संरक्षण समिति एवं जिला मिशन समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, बाराबंकी प्रगतिशील कृषक पद्मश्री राम सरन वर्मा, विभागीय अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके उपरांत उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण एवं मूल्य नियंत्रण की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें उर्वरक निर्माताओं एवं थोक विक्रेताओं ने भी सहभागिता की।

बैठक में उप कृषि निदेशक, बाराबंकी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत करते हुए बताया कि पीएम-कुसुम योजना के अंतर्गत गत वर्ष चयनित 104 कृषकों के प्रक्षेत्रों पर सोलर पंप स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना अभी प्राप्त नहीं हुई है। एग्रीजंक्शन योजना के अंतर्गत निर्धारित 15 लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है, जिन्हें आरसेटी, बाराबंकी में 13 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान कराया जाएगा।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में 84 प्रतिशत से अधिक कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है। खरीफ अभियान के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष ढैंचा एवं धान के बीजों का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है, जबकि दलहनी एवं मिलेट्स फसलों के बीजों का वितरण प्रगति पर है। यंत्रीकरण योजना एवं इन-सीटू योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ हो चुकी है, जो 10 अगस्त, 2026 तक जारी रहेगी।

इसके अतिरिक्त सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी, मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेज, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल तथा उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त लक्ष्यों की समीक्षा की गई। भूमि संरक्षण अनुभाग द्वारा वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई तथा विगत वर्ष कराए गए कार्यों का विवरण एवं फोटोग्राफ समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिस पर समिति ने संतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन के निर्देशानुसार अनुदानित उर्वरकों के साथ गैर-अनुदानित उत्पादों की टैगिंग किसी भी स्तर पर न किए जाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में उप कृषि निदेशक, बाराबंकी ने अध्यक्ष महोदय की अनुमति से सभी उपस्थित अधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।

Leave a Comment