कालपी: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर राजस्व विभाग एवं नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने नगर के मोहल्ला अदल सराय में सरकारी नजूल भूमि एवं तालाब की जमीन पर हुए अवैध कब्जे के विरुद्ध अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि मोहल्ला अदल सराय स्थित गाटा संख्या 1409 की सरकारी नजूल भूमि पर अवैध कब्जा कर उसकी प्लाटिंग की जा रही है तथा भूखंडों की बिक्री भी की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व, नगर पालिका एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तथा अवैध निर्माण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया।
अभियान के दौरान मौके पर स्थित सरकारी तालाब की भूमि का भी सीमांकन कराया गया, ताकि भविष्य में उस पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी भूमि, तालाब एवं नजूल की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह सेंगर, क्षेत्रीय लेखपाल जितेंद्र सिंह, नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता प्रवीण कुमार मौर्य, राजस्व निरीक्षक अजीत कुमार सिंह सहित राजस्व, पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम मौजूद रही।









