सरयू राय के पुतला दहन की सूचना पर भड़का झारखंड क्षत्रिय संघ, कहा- लोकतंत्र में विरोध हो, लेकिन मर्यादा के साथ

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय का पुतला दहन किए जाने की सूचना पर झारखंड क्षत्रिय संघ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संघ के अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह ने इस मुद्दे पर आपात बैठक बुलाकर ऐसी कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की।

बैठक के बाद संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि राजनीतिक मतभेद होना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन विरोध का तरीका मर्यादित और सम्मानजनक होना चाहिए। किसी भी जनप्रतिनिधि का पुतला दहन करना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है और इससे समाज में तनाव तथा कटुता बढ़ सकती है।

संघ ने स्पष्ट कहा कि विचारों का जवाब विचारों से और तर्क का जवाब तर्क से दिया जाना चाहिए। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन ऐसा कोई भी कदम नहीं उठाया जाना चाहिए जिससे सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास प्रभावित हो।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि यदि सरयू राय के पुतला दहन जैसी घटनाएं जारी रहती हैं, तो इसका नेतृत्व करने वालों के खिलाफ भी प्रत्येक थाना क्षेत्र में प्रतीकात्मक विरोध किया जाएगा।

झारखंड क्षत्रिय संघ ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और सामाजिक सौहार्द का सम्मान करें तथा संयम और शांति बनाए रखें।

संघ ने दोहराया कि वह हमेशा लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता और शांतिपूर्ण संवाद का समर्थक रहा है तथा भविष्य में भी इन्हीं मूल्यों को मजबूत करने के लिए कार्य करता रहेगा।

रिपोर्ट: ब्रिजराज सिंह

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment