जमशेदपुर: संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से 13 जुलाई को प्रस्तावित सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), जिला परिवहन पदाधिकारी, घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी, जेएनएसी, अग्निशमन विभाग, जुस्को, सिविल डिफेंस के वार्डन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मॉक ड्रिल की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का आयोजन स्थल और अन्य आवश्यक जानकारी समय पर नागरिकों एवं संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी जाएगी।
मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड (हवाई हमले की चेतावनी), अर्ली वार्निंग सिस्टम, ब्लैकआउट, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), शेल्टरिंग, सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन, मेडिकल रिस्पॉन्स तथा कैजुअल्टी इवैक्यूएशन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया जाएगा।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना, अर्ली वार्निंग सिस्टम एवं ब्लैकआउट व्यवस्था की कार्यक्षमता परखना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर तैयारियां पूरी करने और मॉक ड्रिल के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मॉक ड्रिल के दौरान सभी विभाग अलर्ट मोड में रहेंगे, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति में त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।








