जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में मंगलवार को एक खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब नियमित जलापूर्ति मिलने लगी है। इस खुशी में ग्रामीणों ने वर्तमान मुखिया, पूर्व मुखिया और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया।
मंगलवार सुबह बागबेड़ा कॉलोनी की पूर्व मुखिया बाहामुनी हेंब्रम, वर्तमान मुखिया राजकुमार गॉड, उप मुखिया संतोष ठाकुर और वार्ड सदस्यों ने नल-जल योजना के तहत हुए कार्यों का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, बागबेड़ा कॉलोनी के रोड नंबर-3 में पिछले कई वर्षों से करीब 50 से 70 घरों में पानी की आपूर्ति ठीक से नहीं हो रही थी। इस समस्या को लेकर वार्ड सदस्य कुमोद रंजन और सीमा पांडे ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कई बार पंचायत और संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने मामला उठाया।
मुखिया राजकुमार गॉड के प्रयास और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस योजना के लिए डीएमएफटी (DMFT) फंड से लगभग 4.20 लाख रुपये की स्वीकृति मिली। झामुमो नेता अजीत सिन्हा की टीम ने भी पोटका विधायक संजीव सरदार के माध्यम से इस मुद्दे को जिला प्रशासन तक पहुंचाया। इसके बाद योजना का काम पूरा हुआ और अब लोगों को नियमित पानी मिलने लगा है।
करीब एक दशक बाद पानी की समस्या दूर होने से खुश ग्रामीणों ने सड़क पर ही पंचायत प्रतिनिधियों का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया। ग्रामीणों ने पंचायत के विकास कार्यों में आगे भी पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया।
इस अवसर पर मुखिया राजकुमार गॉड, पूर्व मुखिया बाहामुनी हेंब्रम, उप मुखिया संतोष ठाकुर, झामुमो नेता अजीत सिन्हा, वार्ड सदस्य कुमोद रंजन, सीमा पांडे, वार्ड प्रतिनिधि राजकुमार सिंह, विशाल उर्फ अनिल, अभिषेक उपाध्याय सहित कई पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं ग्रामीणों की ओर से रामेश्वर ठाकुर, अनूप ठाकुर, नागेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, जितेंद्र शर्मा और अखिलेश राय ने सभी का सम्मान किया।








