जमशेदपुर:शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्म नगर में शनिवार देर शाम पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक के जबड़े में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार बदमाश अचानक पहुंचे और युवक को निशाना बनाते हुए करीब तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली युवक के जबड़े में लगी, जबकि अन्य गोलियां चूक गईं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब और सिटी एसपी भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और पुलिस टीम को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुराना आपसी विवाद कारण बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है। साथ ही मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है.








