सरायकेला। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के नीमडीह स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप शनिवार को उत्पाद विभाग ने सघन छापेमारी एवं तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायत मिलने के बाद की गई।
उत्पाद अवर निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान विद्यालय परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कहीं भी महुआ शराब या किसी अन्य अवैध मादक पदार्थ का निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री होते हुए नहीं पाया गया।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के लोगों से भी बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में महुआ शराब का निर्माण या बिक्री नहीं होती है। हालांकि, कुछ स्थानीय महिलाओं द्वारा कभी-कभी पारंपरिक किण्वित पेय हड़िया की बिक्री किए जाने की जानकारी दी गई।
इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों को झारखंड उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री से दूर रहने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यालय परिसर और उसके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध शराब, महुआ शराब, हड़िया या अन्य नशीले पदार्थों का अवैध निर्माण, भंडारण या बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कहा कि अवैध शराब से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर लगातार छापेमारी और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि विद्यालयों या सार्वजनिक स्थलों के आसपास अवैध शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।








