जादूगोड़ा: बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन

सौरभ कुमार, जादूगोड़ा

जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही साइबर ठगी, चोरी-छिनतई, सड़क दुर्घटनाओं और सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर अब राजनीतिक दल भी मुखर होने लगे हैं। क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी, जादूगोड़ा मंडल की अध्यक्ष तनुश्री नंदा त्रिपाठी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जादूगोड़ा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई। भाजपा ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में जादूगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़े हैं। अपराधी फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, ओटीपी और संदिग्ध लिंक के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा चोरी, छिनतई, शराब के नशे में हुड़दंग तथा तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से भी आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। पार्टी ने मांग की कि साइबर अपराध के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, बाजार क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जाए, दुर्घटना संभावित मार्गों पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।भाजपा का कहना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय भी जरूरी है, ताकि अपराधों पर समय रहते प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। गौरतलब है कि हाल के महीनों में जादूगोड़ा क्षेत्र में साइबर ठगी के कई चर्चित मामले सामने आए हैं। यूसीआईएल कर्मी अर्जुन शर्मा के खाते से केवाईसी अपडेट के नाम पर 3 लाख 20 हजार 545 रुपये की ठगी हुई थी। इससे पहले यूसीआईएल के सेवानिवृत्त कर्मी गुरदीप सिंह भी साइबर अपराधियों के झांसे में आकर अपनी जमा-पूंजी गंवा चुके हैं। दोनों मामलों में स्थानीय थाना और जमशेदपुर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाएं भी लगातार सामने आती रही हैं। हालांकि इन मामलों में जांच की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन पीड़ितों को अब तक कोई ठोस राहत या संतोषजनक परिणाम नहीं मिल सका है। यही वजह है कि क्षेत्र के लोगों के बीच कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज प्रताप सिंह, बिक्रम हेम्ब्रम, रोहित सिंह, बिस्वजीत नंदा, नितू सिंह, मोहन प्रसाद शाह, दीपक जाना, मुकेश भगत समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment