जालौन: कोचिंग संस्थानों के लिए विकास प्राधिकरण में हेल्प डेस्क स्थापित

निर्धारित मानकों की पूर्ति कर आवश्यक प्रपत्र जमा करें संचालक

जालौन: विद्यार्थियों की सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा कोचिंग संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई के बाद अब उरई विकास प्राधिकरण ने संस्थानों को नियमानुसार संचालन के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की है। सचिव उरई विकास प्राधिकरण परमानंद यादव ने बताया कि इस संबंध में विकास प्राधिकरण कार्यालय में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां सीज किए गए कोचिंग संस्थानों के संचालक एवं भवन स्वामी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर अपनी कमियों का निराकरण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिन कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा एवं अन्य अनिवार्य मानकों का पालन नहीं पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई थी। अब ऐसे संस्थानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करें। सचिव ने स्पष्ट किया कि संस्थानों को अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी), पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षित प्रवेश एवं निकास (एंट्री-एग्जिट), बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य निर्धारित सुरक्षा एवं भवन संबंधी मानकों से जुड़े आवश्यक प्रपत्र हेल्प डेस्क पर जमा करने होंगे। सभी अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की जांच के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने सभी कोचिंग संचालकों एवं भवन स्वामियों से अपील की कि निर्धारित समयावधि के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर लें, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं मानकानुसार शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता न पड़े।

ShobhitPandey
Author: ShobhitPandey

Leave a Comment