जालौन: जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेयजल, नगर निकाय, समाज कल्याण, आपूर्ति तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण हेतु मौके पर जाकर जांच कर वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को त्वरित न्याय एवं पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से भूमि विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जा तथा राजस्व संबंधी मामलों में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके पर संयुक्त टीम के साथ जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दास्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा समय-समय पर की जाएगी और असंतोषजनक निस्तारण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। जनहित से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।










