बाराबंकी जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन संपन्न

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी, 18 जून 2026।

आज जीआईसी ऑडिटोरियम, बाराबंकी में मुख्य अतिथि  श्री सुरेश राही जी, मा0 राज्य मंत्री,  कारागार, उ o प्र o एवं प्रभारी मंत्री बाराबंकी की गरिमामयी उपस्थिति में जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी के साथ ही “सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी” योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जनपद स्तरीय मेला एवं प्राकृतिक खेती की कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राम सिंह वर्मा जी, विधान परिषद सदस्य श्री अंगद सिंह जी, पूर्व एमएलसी श्री हरगोविंद सिंह जी, पूर्व विधायक श्री शरद अवस्थी जी, भाजपा सह संगठन मंत्री श्री गोपाल दास उपाध्याय जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 1000 कृषक एवं महिला कृषकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा प्राकृतिक खेती, मिलेट्स की खेती, नवीन कृषि यंत्रों के प्रयोग तथा डीएसआर विधि से धान की बुवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती के लाइव मॉडल का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी मुख्य अतिथि द्वारा सराहना की गई।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा जनपद कानपुर में प्राकृतिक खेती की कार्यशाला में दिए गए दिशा निर्देशों का सजीव प्रसारण भी कराया गया|

उप कृषि निदेशक बाराबंकी श्री उमेश साहू द्वारा प्राकृतिक खेती से होने वाले लाभ, उत्पादन लागत में कमी एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया। वहीं अग्रणी कृषकों द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक खेती के अपने अनुभव साझा किए गए।

मुख्य अतिथि माननीय मंत्री श्री सुरेश राही जी ने अपने संबोधन में कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मानव स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रसायन मुक्त खेती ही स्वस्थ समाज एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है।

इस अवसर पर प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 कृषकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विकासखंड बंकी की भरौली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को कृषि विभाग की यंत्रीकरण योजना अंतर्गत एग्रीगेटर अनुदान प्राप्त होने पर ट्रैक्टर की चाबी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अंत में जिला कृषि अधिकारी द्वारा समस्त अतिथियों, कृषकों एवं पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एक दिवसीय कार्यशाला का समापन किया गया।

Leave a Comment