जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा के समीप हुई गोलीबारी में राजनगर निवासी देवदास गौड़ घायल हो गया। उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गोली उसके गले को छूते हुए निकल गई।
घटना के बाद पुलिस ने देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान और आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। हालांकि तीनों के बयान आपस में मेल नहीं खाने से पुलिस को मामले में संदेह है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी लोग नशे की हालत में थे और शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद गोली चली। पुलिस के अनुसार, खड़िया बस्ती में हुए आपसी विवाद के दौरान देवाशीष द्वारा गोली चलाने की आशंका है।
घटनास्थल से खून के निशान, चार ग्लास समेत कई साक्ष्य बरामद किए गए हैं। वहीं देवाशीष की निशानदेही पर एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है। पुलिस को कपाली क्षेत्र से जमीन संबंधी कुछ दस्तावेज भी मिले हैं।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।
————————–
पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर से मंडल ब्यूरो हेड बृजराज सिंह की रिपोर्ट जी भारत न्यूज










