बाराबंकी: उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 की DV/PST प्रक्रिया को लेकर एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने की समीक्षा बैठक

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में उपनिरीक्षक (उ0नि0) भर्ती परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों के अभिलेखों की संवीक्षा (Document Verification) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) के संबंध में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने निर्देशित किया कि अभिलेखों की जांच एवं शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान शासन एवं भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख सत्यापन, परीक्षण स्थलों की तैयारियों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से समस्त प्रक्रियाएं संपन्न कराने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।
इस दौरान एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए भर्ती प्रक्रिया की गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

Leave a Comment