जालौन। जनपद जालौन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जालौन पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 25 हजार रुपये के इनामिया हिस्ट्रीशीटर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन की जांच करते समय पुलिस टीम का सामना आरोपी से हुआ। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल एवं एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी वाहन चोरी की कई घटनाओं में वांछित था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में कई मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट : शोभित पाण्डेय










