जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा, संजय नगर बना गांजा और ब्राउन शुगर सिंडिकेट का कथित अड्डा

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संजय नगर में गांजा और ब्राउन शुगर के कथित संगठित अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। एक खोजी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रिहायशी इलाके में खुलेआम नशीले पदार्थों की पैकिंग कर उन्हें शहर के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय नगर में कुछ स्थानों पर खुले मैदान एवं शेड के नीचे गांजा और ब्राउन शुगर की पैकिंग किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। सूत्रों का दावा है कि इस नेटवर्क के तार पड़ोसी राज्य ओडिशा से जुड़े हो सकते हैं, जहां से नशीले पदार्थों की खेप ट्रांसपोर्ट के माध्यम से जमशेदपुर पहुंचती है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पैकिंग कार्य के लिए दिहाड़ी मजदूर लगाए जाते हैं तथा इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन की सहायता से 10 ग्राम से 25 ग्राम तक की पुड़ियां तैयार की जाती हैं। इसके बाद कथित रूप से बाइक एवं स्कूटी सवार पैडलरों के माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में इसकी आपूर्ति की जाती है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए सप्लाई नेटवर्क को कई स्तरों में विभाजित किया गया है। यह भी आरोप है कि स्टेशन रोड और रेलवे क्वार्टर क्षेत्र में तैयार माल से भरे झोलों को पेड़ों पर टांगा जाता है, ताकि किसी कार्रवाई की स्थिति में सीधे कारोबारी पकड़ में न आएं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बागबेड़ा और संजय नगर क्षेत्र में लंबे समय से नशीले पदार्थों की बिक्री जारी है, जिससे युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि लगभग 20 दिन पूर्व सूचना के अधिकार (RTI) के तहत इस मामले से संबंधित जानकारी मांगी गई है,लेकिन समाचार लिखे जाने तक आवेदक को कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है।
हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आरोपों की सत्यता और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
————————–
पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर से
मंडल ब्यूरो हेड बृजराज सिंह
की रिपोर्ट ZEE भारत NEWS

Leave a Comment