चाईबासा :- जागृति अभियान के तहत पुलिस लाइन चाईबासा सहित जिले के सात केंद्रों पर सफलतापूर्वक संचालित हुआ रक्तदान शिविर

पश्चिमी सिंहभूम से स्टेट प्रभारी, झारखंड अनूप श्रीवास्तव की रिपोर्ट जी भारत न्यूज़

सात केंद्रों पर आयोजित शिविर में कुल 235 यूनिट रक्त का हुआ संग्रह

पुलिस लाइन में आयोजित रक्तदान शिविर में कोल्हान सिंहभूम पुलिस उप महानिरीक्षक ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा “प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” अंतर्गत जिले को रक्तयुक्त बनाने के उद्देश्य से आज विभिन्न स्थलों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत सदर चाईबासा स्थित पुलिस लाइन सहित जिले के कुल सात केंद्र, सदर अस्पताल चाईबासा, अनुमंडल अस्पताल- चक्रधरपुर, तांतनगर/झींकपानी/टोंटो/मंझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया।

पुलिस लाइन केंद्र में आयोजित रक्तदान शिविर का सिंहभूम पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री अनुरंजन किस्पोट्टा के द्वारा उपायुक्त श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री अमित रेनू, उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार तथा सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजय कुमार, सदर अंचल अधिकारी श्री उपेंद्र कुमार, सार्जेंट मेजर श्री मंशु गोप की मौजूदगी में फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया, तत्पश्चात सिंहभूम पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के समक्ष प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। सातों केंद्रों पर आयोजित रक्तदान शिविरों के माध्यम से कुल 235 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया, जो जिले को रक्तयुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पुलिस लाइन रक्तदान शिविर में पुलिस एसोसिएशन की सहभागिता उल्लेखनीय रही। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रक्तदान के महत्व को समाज तक पहुंचाने का कार्य किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरीय पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की तथा कॉफी मग एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

 

इस अवसर पर सिंहभूम पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि प्रकृति ने हमें जीवन के लिए अनेक संसाधन प्रदान किए हैं, किन्तु कुछ ऐसी अमूल्य चीजें हैं जिनका कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और जिन्हें केवल मनुष्य ही दूसरों के लिए दान कर सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एवं अंगदान ऐसे ही महान कार्य हैं, जो किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति व्यापक जन-जागरूकता विकसित करना भी है।

उन्होंने कहा कि “प्रोजेक्ट जागृति” के माध्यम से जिले को रक्तयुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी जिलावासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं तथा विभिन्न संस्थाओं से अपील की कि वे इस मानवीय अभियान से जुड़ते हुए रक्तदान को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने में सहयोग करे

Leave a Comment