रिपोर्ट, सुधीर कुमार ठाकुर बलिया।
भीमपुरा (बलिया), 8 जून। थाना क्षेत्र के किड़िहरापुर गांव के समीप नगरा-बरौली मुख्य मार्ग पर रविवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार नवविवाहित युवक की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। युवक की शादी महज पांच दिन पहले हुई थी।
जानकारी के अनुसार, मऊ जनपद के घोषी थाना क्षेत्र अंतर्गत पवनी गांव निवासी 26 वर्षीय कमलेश कुमार पुत्र सुदर्शन राम रविवार को बाइक से भीमपुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान किड़िहरापुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे मऊ ले गए, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर आजमगढ़ स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कमलेश कुमार की शादी 3 जून को मधुबन थाना क्षेत्र के करौंदी नारायणपुर गांव में हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी संध्या सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों और चार बहनों में शामिल था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी कमजोर बताई जा रही है।
इस संबंध में भीमपुरा थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।










