रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान के तहत स्वच्छता, जनसंवाद एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
विशेष स्वच्छता अभियान एवं ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर के माध्यम से सुनी गईं जनसमस्याएं
बाराबंकी, 08 जून।केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून, 2026 तक संचालित विशेष जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद में स्वच्छता, जनसंवाद, जनसमस्या निस्तारण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विशेष जन-संपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के तहत विधानसभा दरियाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत सनौली के गड़रियन पुरवा स्थित मंदिर परिसर में माननीय राज्य मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति श्री सतीश चन्द्र शर्मा ने विशेष स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर “सरकार आपके द्वार” स्वरूप में जन-समस्या समाधान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

माननीय मंत्री ने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल हमारे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए आवश्यक है, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था एवं सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में माननीय मंत्री द्वारा विधानसभा दरियाबाद की ग्राम पंचायत कंधईपुर स्थित वृहद गौशाला परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने गौवंश को हरा चारा, गुड़ एवं केला खिलाकर गौसेवा की तथा गौशाला में कार्यरत केयरटेकर को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

इसी क्रम में नगर पालिका परिषद नवाबगंज के वाल्मीकि नगर मलिन बस्ती क्षेत्र में माननीय विधान परिषद सदस्य श्री अंगद सिंह के नेतृत्व एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्षा श्रीमती शीला सिंह की अध्यक्षता में बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति नागरिकों को जागरूक किया गया। साथ ही वार्ड स्थित पार्क में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा आमजन को वृक्षारोपण हेतु प्रेरित किया गया।

जनपद में ग्राम स्तर से जनपद स्तर तक आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद श्री संजय शुक्ल सहित संबंधित अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निकाय कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










