रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान
तहसील सिरौलीगौसपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
भूमि विवाद, अतिक्रमण एवं किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
तहसील परिसर में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विभिन्न तहसीलों में आज 58 शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण
बाराबंकी, 06 जून 2026।
जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील सिरौलीगौसपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय, उपजिलाधिकारी श्री अनिल सरोज सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान ग्राम जमीना निवासी मुन्ना पुत्र बकरीदी द्वारा खेत तक जाने वाले रास्ते से अतिक्रमण हटवाने संबंधी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में ग्राम पत्तीपुर निवासी रमाकांत शुक्ला द्वारा सार्वजनिक नाली पर किए गए अतिक्रमण की शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम परसा, परगना बदोसराय के ग्रामीणों ने अवगत कराया कि ग्राम में चकबंदी प्रक्रिया संचालित होने के कारण किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें कृषि कार्य हेतु खाद प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल जिला कृषि अधिकारी को मौके पर बुलाकर निर्देश दिए कि जनपद के ऐसे सभी ग्रामों, जहां चकबंदी प्रक्रिया प्रचलित है, वहां कृषि विभाग की टीम भेजकर आवश्यक अभिलेखीय सत्यापन के उपरांत किसानों को खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि खेती-किसानी के कार्य प्रभावित न हों।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में आगमन के अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिकाधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विभिन्न तहसीलों में आयी शिकायतें और निस्तारण
तहसील नवाबगंज में अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 236 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 25 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सिरौलीगौसपुर में 57 प्रार्थना पत्रों में से 13 का, तहसील रामसनेहीघाट में 72 में से 09 का, तहसील रामनगर में 121 में से 07 का, तहसील फतेहपुर में 32 में से 04 का तथा तहसील हैदरगढ़ में 74 में से 04 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया।










