रिपोर्ट पी.एन. सिंह
रामनगर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किसान कल्याण केंद्र रामनगर में सहायक विकास अधिकारी (कृषि) की अध्यक्षता में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 100 से अधिक किसानों को नीम, सागौन, अमरूद, बेर, बेल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में किसानों को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सभी उपस्थित किसानों को पौधारोपण करने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने की शपथ भी दिलाई गई।
सहायक विकास अधिकारी (कृषि) ने बताया कि आज से क्षेत्र में बृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों के साथ कृषि विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से श्री शिव कुमार (स्टोर इंचार्ज), श्री प्रदीप कुमार वर्मा (प्राविधिक सहायक), श्री कुलदीप दीक्षित (एटीएम), श्री राजेश कुमार यादव (एटीएम) तथा श्री राजेश द्वितीय सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में किसानों से अधिकाधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।










